धानापुर मे लगातार हो रही चोरियो से असंतोष: सतीश सेठ आका ने उठाया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल।
धानापुर के निवासी व्यापार मंडल के युवाजिला अध्यक्ष सतीश सेठ आका ने व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और चोरियो से आजीज होकर शासन प्रशासन पर प्रश्नचिन्ह लगाया है। ज्ञात हो कि चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में पुलिस की कार्यशैली के प्रति गहरा असंतोष है। पुलिस के लिए ये वारदातें अब सिरदर्द बन चुकी हैं।
एक चोरी का खुलासा होने से पहले ही दूसरी वारदात हो जा रही है। हाल ही में दीपू पटेल की दुकान से पटिया उखाड़कर चोरी की गई, वहीं संतोष गुप्ता की दुकान का ताला तोड़कर सामान साफ कर दिया गया। इन घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है और वे रात में अपनी दुकानों की निगरानी करने को मजबूर हैं।
धानापुर में चोरी की वारदातें पहले भी होती रही हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से इनमें तेजी आई है। कस्बे के अलावा नौली और अहिकौरा जैसे क्षेत्रों में भी ऐसी घटनाएं सामने आई थीं, जहां पुलिस ने एक चोर को पकड़कर जेल भेजा था। हालांकि, धानापुर कस्बे में सक्रिय चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
लगातार हो रही चोरियों से नाराज व्यापार मंडल के युवा जिलाध्यक्ष सतीश सेठ आका ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के साथ बैठकें और मेल-मिलाप करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। यह कम्युनिटी पुलिसिंग का समय नहीं है, बल्कि चोरों को पकड़ने पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
आका ने जोर देकर कहा कि इन वारदातों का निदान केवल खुलासे से होगा। उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और चोरों को गिरफ्तार किया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो व्यापारी अपना धैर्य खो देंगे और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।