धानापुर के मुख्य बाजार में लाखों की चोरी, छत के रास्ते घर में घुसे चोर दो लाख रुपये नकद और सोने के गहने लेकर फरार हुए चोर, कुछ महीने पहले हुई थी गृहस्वामी की मौत
धानापुर, चंदौली। धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की रात चोर छत के रास्ते स्व. जितेंद्र सेठ के मकान में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर दो लाख रुपये नकद सहित सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात घर में जितेंद्र सेठ के बेटे और बेटी सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी मुस्कान की नजर टूटी हुई अलमारी और बिखरे सामान पर पड़ी। यह देखकर घर के लोग हैरान रह गए। जांच करने पर अलमारी में रखे दो लाख रुपये नकद, सोने के तीन लॉकेट वाला मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठियां और सोने के दो जोड़ी कान के झाले गायब मिले। बताया जा रहा है कि नकदी एलआईसी से संबंधित रकम थी।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही जितेंद्र सेठ का निधन हो गया था। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि चोरी की घटना ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। घटना के बाद परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। जितेंद्र सेठ के बेटे आशुतोष उर्फ कान्हा ने पुलिस से चोरों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना से मुख्य बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार में लगातार हो रही घटनाओं से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
गौरतलब है कि पिछले सोमवार को भी बाजार में एक महिला से दिनदहाड़े 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी गायब होने की घटना सामने आई थी। उस मामले का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इन मामलों का खुलासा किया जाएगा।